भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत अनूपपुर जिले में भी निर्धारित समय-सारणी के अनुसार मतदाता सूची के पुनरीक्षण की कार्यवाही की जाएगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश श्री संजीव कुमार झा ने आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 2 नवंबर 2026 तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा।
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा निर्वाचन आयोग की निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पुनरीक्षण संबंधी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, जिससे मतदाता सूची को अद्यतन किया जा सके।


