स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और हितग्राहियों को भूमि संबंधी अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराने के लिए बालाघाट जिले के दो राजस्व अधिकारियों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। मध्यप्रदेश शासन के राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा एवं प्रमुख सचिव राजस्व द्वारा किरनापुर तहसील की तहसीलदार सुश्री वर्षा झरिया तथा खैरलांजी तहसील के पटवारी श्री विकास चौकसे को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

यह सम्मान 16 नवंबर को भोपाल स्थित नरोन्हा प्रशासनिक अकादमी में आयोजित कार्यशाला के दौरान प्रदान किया गया। दोनों अधिकारियों ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत हितग्राहियों की रजिस्ट्री कराने के कार्य में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

किरनापुर तहसीलदार सुश्री वर्षा झरिया ने योजना के तहत 5,900 रजिस्ट्रियां कराकर जिले में उत्कृष्ट कार्य किया है। वहीं खैरलांजी तहसील के पटवारी श्री विकास चौकसे ने अपने क्षेत्र में 600 रजिस्ट्रियां पूर्ण कर सराहनीय कार्य किया है।

उल्लेखनीय है कि स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि पर निवासरत लोगों को उनकी भूमि का वैधानिक अधिकार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःशुल्क रजिस्ट्री कर दस्तावेज प्रदान किए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण परिवारों को अपनी संपत्ति का स्वामित्व प्रमाणित करने में सुविधा मिल रही है। बालाघाट जिले के दोनों राजस्व अधिकारियों को मिला यह सम्मान जिले के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धि स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में राजस्व विभाग के प्रयासों को भी रेखांकित करती है।