ई-विकास प्रणाली पोर्टल के माध्यम से किसानों को उर्वरक प्राप्त करने के लिए ई-टोकन बुक करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ऐसे किसान, जो विभिन्न कारणों से सामान्य प्रक्रिया के तहत ई-टोकन बुक नहीं कर पा रहे हैं, उनके लिए पोर्टल पर 10 विशेष विकल्प दिए गए हैं। इन विकल्पों के माध्यम से पात्र किसान आवश्यक सत्यापन के बाद ई-टोकन बुक कर सकेंगे।

इन श्रेणियों के किसान कर सकेंगे ई-टोकन बुकिंग

ई-विकास प्रणाली पोर्टल पर वन अधिकार पट्टाधारी, राजस्व पट्टाधारी, सिकमी अथवा खोट पर कृषि भूमि लेने वाले किसान, धार्मिक ट्रस्ट की कृषि भूमि पर खेती करने वाले किसान, फार्मर आईडी नहीं रखने वाले किसान, कृषि फार्म, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) एवं विश्वविद्यालय तथा मृत, दिव्यांग और अतिवृद्ध किसानों के नामिनी के लिए अलग-अलग विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं।

इसके अलावा, अपनी कृषि भूमि पर प्लांटेशन करने वाले किसानों तथा वन अधिकार पट्टा, राजस्व पट्टा या फार्मर आईडी नहीं होने की स्थिति में पात्र किसानों के लिए विशेष प्रयोजन का विकल्प भी दिया गया है।

सत्यापन के बाद होगी ई-टोकन बुकिंग

इन विकल्पों के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अथवा तहसीलदार द्वारा सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के उपरांत संबंधित किसान ई-विकास प्रणाली पोर्टल पर ई-टोकन बुक कर सकेंगे।

कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

कलेक्टर श्री पवन कुमार जैन ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि ई-विकास प्रणाली पोर्टल पर किसानों से प्राप्त आवेदनों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि पात्र किसानों को समय पर ई-टोकन बुक करने की सुविधा मिल सके और उर्वरक प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उप संचालक कृषि ने सभी किसानों से अपील की है कि जागरूक रहे हमेशा बीज और खाद लाइसेंस धारी विक्रेता से ही क्रय करें और सामग्री के बिल आवश्यक रूप से मांग करें किसी भी अनियमितता या संदिग्ध स्थिति प्रतीत होने पर कृषि विभाग को सूचित करें।