प्रशासनिक न्यायाधिपति म.प्र. उच्च न्यायालय एवं कार्यपालक अध्यक्ष म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेशानुसार एवं श्री के.एस. बारिया, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष के कुशल मार्गदर्शन में दिनांक 14.11.2026 से 20.11.2026 तक विधिक सेवा सप्ताह के उपलक्ष्य में न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसमें विधिक सेवा योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं उक्त योजनाओं का लाभ देने के संबंध में विहित प्रक्रिया की जानकारी तथा जन सामान्य तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से साप्ताहिक जागरूकता/साक्षरता कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।

इसी क्रम में आज दिनांक 19.11.2026 को ग्राम पुर जिला भिण्ड में श्री उपदेश राठौर, जिला न्यायाधीश/सचिव, जिला प्राधिकरण एवं श्री देवेश शर्मा, जिला विधिक सहायता अधिकारी भिण्ड की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणजन को कानूनी अधिकारों, मुफ्त कानूनी सहायता, ग्रामीण घरेलू हिंसा, साइबर सुरक्षा, संपत्ति, श्रमिकों को ई-श्रम कार्ड, संबल कार्ड, मजदूरी कार्ड आदि के बारे में तथा समुदाय अधिकारों, घरेलू हिंसा, साइबर सुरक्षा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाना है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों और श्रमिक बस्तियों में संवादात्मक जागरूकता सत्र आयोजित करना है ताकि नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, न्याय तक पहुंच और मुफ्त कानूनी सहायता सेवाओं के उपयोग के बारे में शिक्षित किया जा सके। उक्त कार्यक्रम में संपत्ति के अधिकारों जैसे मुद्दों के साथ-साथ आधार कार्ड अपडेट, राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान कार्ड, वोटर कार्ड, आईडी कार्ड जारी कराए जाने में सहायता करना आदि जैसी आवश्यक सरकारी सेवाओं के बारे में भी विस्तृत रूप से जानकारी प्रदाय की गई एवं उक्त कार्यक्रम में नालसा एवं सालसा की योजनाओं के पेम्पलेट्स आदि भी वितरित किए गए।

उक्त अवसर पर ग्राम पुर के सरपंच श्रीमती सीमा, सचिव श्री रामधुन सिंह बघेल, सहसचिव श्री अवधेश सिंह भदौरिया, सहसचिव, श्री प्रदीप यादव, बी.एल.ओ. एवं ग्रामीणजन तथा पीएलव्ही श्री रामाधार पुरोहित, श्री जितेन्द्र शर्मा, श्री राधामोहन नरवरिया, श्री राहुल राजपूत, श्री भानू श्रीवास, नरेन्द्र सिंह कुशवाह आदि उपस्थित रहे।