शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी प्रदान कर रही हैं। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल मिलने से महर्षि दयानंद वार्ड निवासी एवं पेशे से मूर्तिकार अजय अयरे को अपने व्यवसाय से जुड़े कार्यों में सुविधा मिली है। अब वे आत्मविश्वास के साथ अपने कामों को कर रहे हैं।मूर्तिकार हितग्राही अजय अयरे बताते हैं कि पहले उन्हें आने-जाने और अपने व्यवसाय से जुड़े कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। मूर्तियां बनाने के लिए कच्चा माल लाने तथा तैयार मूर्तियों को बेचने के दौरान भी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल मिलने से उनकी ये परेशानियां काफी हद तक दूर हुई हैं। अब वे अपने छोटे-बड़े काम स्वयं कर पा रहे हैं और अपने व्यवसाय को बेहतर तरीके से संचालित कर रहे हैं।इसी क्रम में लोहार मंडी निवासी हितग्राही हामिद खान ने बताया कि इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल मिलने से उन्हें अपने दैनिक एवं व्यवसाय से जुड़े कार्यों को करने में सुविधा मिल रही है। इससे उनकी दूसरों पर निर्भरता कम हुई है और आवागमन भी आसान हुआ है।उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा दिव्यांगजनों के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसी कड़ी में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को बुरहानपुर के ऑडिटोरियम में आयोजित दिव्यांगजन उपकरण वितरण कार्यक्रम में हितग्राहियों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए।

खेती-किसानी
सेवा संकल्प अभियान शासन के प्रयासों से दिव्यांगजनों के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव
तूफ़ान डेस्क · 9 अक्टूबर 2026, 19:23 · 2 मिनट


