वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को जोड़ा, 25 शिकायतों का किया अवलोकन, चर्चा कर 17 शिकायतों का तत्काल निराकरण कराया
केन-बेतवा परियोजना में भूमि अधिग्रहण के मुआवजे का भुगतान नहीं होने की शिकायत पर 1 लाख 91 हजार 250 रुपए के भुगतान की कार्यवाही के निर्देश
कलेक्टर मृणाल मीना द्वारा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के प्रभावी एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण के लिए प्रत्येक सप्ताह शिकायतकर्ताओं को समक्ष में बुलाकर उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री मीना ने 25 शिकायतों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों एवं शिकायतकर्ताओं से चर्चा की। सुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा गया, ताकि शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेकर मौके पर ही समाधान की कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। कलेक्टर ने चर्चा के माध्यम से 17 शिकायतों के तत्काल निराकरण का रास्ता निकाला। वहीं अन्य शिकायतों में आवश्यक कार्यवाही कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुनवाई के दौरान ग्राम सुकवाहा निवासी आवेदक जगदीश पाल ने बताया कि केन-बेतवा परियोजना के अंतर्गत उनके परिवार की माया पाल, विमला पाल एवं लीला पाल की भूमि बांध निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई है। भूमि अधिग्रहण के एवज में मिलने वाली मुआवजा राशि का अब तक भुगतान नहीं किया गया है। इस संबंध में संबंधित विभाग में आवेदन देने के बावजूद कार्यवाही नहीं होने से परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कलेक्टर श्री मीना ने शिकायतकर्ता को समक्ष में बुलाकर पूरी समस्या सुनी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की जानकारी ली। उन्होंने रीडर को तत्काल 1 लाख 91 हजार 250 रुपए की मुआवजा राशि के भुगतान के लिए आगामी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शिकायतकर्ताओं से संवाद करें तथा समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।


