कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में इलेक्शन सुपरवाइजर श्री विजय माथुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण- 2027 की कार्यवाही जिले में की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार 12 नवम्बर 2026 को निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन किया गया। बैठक में प्रारूप प्रकाशन की प्रक्रिया एवं पुनरीक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप प्रकाशित मतदाता सूची एवं डीवीडी प्रदान की गई।
बैठक में बताया गया कि प्रारूप प्रकाशित निर्वाचक नामावली पर 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण 12 दिसम्बर से 28 दिसम्बर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 04 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
प्रारूप प्रकाशित फोटो निर्वाचक नामावली का अवलोकन जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय (अनुविभागीय अधिकारी राजस्व), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय (तहसीलदार), जिला निर्वाचन कार्यालय गुना तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल की वेबसाइट https://ceoelection.mp.gov.in पर किया जा सकता है।


