भारत सरकार के ‘ बाल विवाह मुक्त भारत अभियान ’ के तहत देश एवं प्रदेश में संचालित विशेष जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार को गुना जिले में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कलेक्ट्रेट परिसर से बाल विवाह के विरुद्ध जन-जागरूकता रथ एवं रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

महिला एवं बाल विकास विभाग गुना द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति है, जिसे समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे। विवाह के लिए बालिका की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा बालक की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है। इससे कम आयु में विवाह नहीं होना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, युवाओं एवं समाज के वरिष्ठजनों से बाल विवाह रोकने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री कन्याल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित सभी को बाल विवाह मुक्त गुना बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि न तो बाल विवाह करें और न ही होने दें। बेटियों को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराएं तथा बच्चों को सुरक्षित बचपन प्रदान करने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अंजली खड़गे ने बताया कि बाल विवाह की रोकथाम समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जन-जागरूकता और सामूहिक सहभागिता से ही इस सामाजिक कुरीति को समाप्त किया जा सकता है। यदि आपको अपने आस-पास कहीं भी बाल विवाह की सूचना या आशंका मिले, तो एक जिम्मेदार नागरिक होने का फर्ज निभाते हुए तुरंत चाइल्डलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112 या अपने क्षेत्र के बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी को सूचित करें। जिला स्तर पर कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत तथा ब्लॉक स्तर पर एसडीएम, सीडीपीओ, सीईओ जनपद पंचायत एवं तहसीलदार को इसकी सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अंजली खड़गे, सहायक संचालक श्री दिनेश चंदेल, श्री रिशु सुमन सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।