श्रम कल्याण मण्डल की शैक्षणिक छात्रवृत्ति योजना के तहत वर्ष 2025-26 में ग्वालियर संभाग के औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित विभिन्न संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों के 251 बच्चों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया गया है। इन विद्यार्थियों के बैंक खातों में अब तक लगभग 10 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि वितरित की जा चुकी है। शेष पात्र विद्यार्थियों को भी छात्रवृत्ति राशि वितरित करने की प्रक्रिया जारी है। श्रम कल्याण मण्डल के क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर संभाग के क्षेत्रीय निरीक्षक श्री बृजेन्द्र शर्मा ने बताया कि योजना के अंतर्गत कर्मचारियों के पुत्र-पुत्रियों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इससे विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलती है।
उन्होंने बताया कि ग्वालियर संभाग के 18 संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया गया है। इनमें जे.बी. मंघाराम फूड्स प्रोडक्ट, कैंसर हॉस्पिटल, दीनदयाल इंडस्ट्रीज, हर्षित टेक्सटाइल्स, तक्षशिला टेक्सटाइल्स, ए.एम.आई. शिशु मंदिर, सी.एम.एस. इंफोटेक, ग्रीन वुड स्कूल, रामानंद एंटरप्राइजेज, रतन ज्योति नेत्रालय, रवि सिक्योरिटी, रॉयल सिक्योरिटी, रॉयल इंटरप्राइजेज, समर्थ भारती शिक्षा समिति, शर्मा सर्विस सिक्योरिटी, सिम्स हॉस्पिटल, सूर्या रोशनी तथा सन अल्ट्रा टेक्नोलॉजी शामिल हैं। इन संस्थानों के पात्र कर्मचारियों के बच्चों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि सीधे जमा की गई है। अन्य पात्र विद्यार्थियों को भी योजना के तहत राशि वितरित की जा रही है।


