कटनी (01 अक्टूबर) - “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” के तहत नगरपालिक निगम कटनी द्वारा रविवार, 4 अक्टूबर को शहर के 6 स्थानों पर विशाल मेगा सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप हितग्राहीमूलक योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान को जनविश्वास अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान से भी जोड़ा गया है।
नगरपालिक निगम आयुक्त सुश्री हरिमनप्रनीत कौर ने अभियान की समस्त व्यवस्थाओं के लिए उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया को प्रभारी अधिकारी तथा राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है।शहर के 6 स्थानों पर आयोजित होंगे शिविर शिविरों का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक बस स्टैंड ऑडिटोरियम (स्वामी विवेकानंद सभागार), दुर्गा चौक खिरहनी, टी.सी. बाजार-सुभाष चौक, माधवनगर उप कार्यालय, नगर निगम कार्यालय तथा खेरमाई मंदिर के पास लखेरा में किया जाएगा।विभिन्न योजनाओं के लगेंगे 25 से अधिक स्टॉल सभी शिविर स्थलों पर विभिन्न विभागों की सेवाओं के लिए न्यूनतम 25 सुसज्जित स्टॉल तैयार किए जाएंगे।
इनमें केन्द्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। नागरिकों की सुविधा के लिए कम्प्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, यूपीएस एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर की व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक शिविर स्थल पर स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया जाएगा। शिविरों में पेयजल, साफ-सफाई, प्रसाधन, विद्युत एवं जनरेटर बैकअप, प्रकाश, बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिविर स्थलों के आसपास के अस्थाई अतिक्रमण हटाकर नागरिकों के लिए सुगम आवागमन की व्यवस्था भी की जाएगी।मौके पर होगा आवेदन और हितलाभ संबंधी कार्य अभियान के दौरान विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
शिविरों में प्राप्त आवेदनों, मौके पर स्वीकृत आवेदनों, लंबित आवेदनों तथा वितरित हितलाभों की जानकारी शाम 6 बजे तक अधिकृत पोर्टल पर दर्ज करने की व्यवस्था की गई है। आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्व प्राथमिकता से समय-सीमा में पूरा करने तथा शिविरों में निर्धारित ड्यूटी के अनुसार कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


