"न्यायोत्सव" विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को सी डब्ल्यू एस एन छात्रावास में दिव्यांग बच्चों के लिए विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खंडवा श्री अनिल चौधरी उपस्थित थे। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए इंटरप्रेटर के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता, दिव्यांगजनों के अधिकार एवं उनके लिए उपलब्ध कानूनी संरक्षण के संबंध में जानकारी दी। इसके साथ ही बच्चों को गुड टच-बैड टच, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 15100 की उपयोगिता बताई। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि हम किसी से कम नहीं हैं। प्रत्येक बच्चे में विशेष प्रतिभा एवं क्षमता होती है। आवश्यकता है अपनी क्षमताओं को पहचानकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की।

शिविर में बच्चों द्वारा कविता पाठ एवं गायन की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इसके साथ ही बच्चों द्वारा स्वयं निर्मित विभिन्न सामग्रियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें उनकी रचनात्मकता एवं प्रतिभा देखने को मिली। उपस्थित अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों एवं उनके प्रयासों की सराहना कर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा प्रेषित ‘अनुकुंज’ वीडियो फिल्म का प्रसारण भी किया गया, जिसके माध्यम से जागरूकता एवं प्रेरणादायक संदेश दिए गए। कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह, पैरालीगल वालंटियर श्री गणेश कनाडे, मोबाइल स्रोत सलाहकार श्रीमती शशि रायकवार एवं अन्य स्टाफ उपस्थित थे।