कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र एवं जिला दिव्यांग मेडिकल बोर्ड, मुरैना द्वारा जिला जेल में निरुद्ध बंदियों की दिव्यांगता की पहचान, परीक्षण एवं उन्हें आवश्यक पुनर्वास सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से दिव्यांगता परीक्षण एवं पहचान शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र एवं जिला दिव्यांग मेडिकल बोर्ड की विशेषज्ञ टीम ने बंदियों का आवश्यकतानुसार परीक्षण एवं प्रारंभिक मूल्यांकन किया। इस दौरान शारीरिक, श्रवण, दृष्टि, मानसिक एवं बौद्धिक सहित विभिन्न संभावित दिव्यांगताओं की पहचान के लिए आवश्यक परीक्षण किए गए, ताकि जरूरतमंद व्यक्तियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप चिकित्सा एवं पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जा सके।
शिविर में कुल 08 बंदियों का परीक्षण किया गया, जिनमें से 04 व्यक्तियों में दिव्यांगता के लक्षण अथवा इसकी संभावना पाई गई। इन व्यक्तियों को आगामी चिकित्सकीय परीक्षण एवं दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया के लिए चिह्नित किया गया। साथ ही उन्हें नियमानुसार दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) तथा आवश्यक पुनर्वास सेवाओं से संबंधित आगामी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला जेल अधीक्षक श्री सुनीत शर्मा सहित चिकित्सकीय दल एवं पुनर्वास विशेषज्ञ उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि दिव्यांगता की समय पर पहचान एवं उचित चिकित्सकीय मूल्यांकन से संबंधित व्यक्ति को उसकी आवश्यकता के अनुसार पुनर्वास सेवाएं, सहायक उपकरण, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र तथा शासन की दिव्यांगजन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है।
शिविर के आयोजन में जिला जेल प्रशासन एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, मुरैना के अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र द्वारा जिले के विभिन्न संस्थानों एवं क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार ऐसे शिविर आयोजित कर दिव्यांगता की पहचान, आवश्यक मार्गदर्शन एवं पुनर्वास सेवाओं को जरूरतमंद व्यक्तियों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।


