राधा सागर तालाब पर गणेश विसर्जन की तैयारियां तेज, कलेक्टर ने लिया जायजा --

गणेश विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने आज पृथ्वीपुर पहुंचकर स्थानीय राधा सागर तालाब का औचक निरीक्षण किया और विसर्जन घाट पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए घाटों पर कुशल तैराकों और गोताखोरों की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए। इसके साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे घाट परिसर में तेज और पर्याप्त प्रकाश (लाइटिंग) की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर नगर परिषद पृथ्वीपुर की अध्यक्ष श्रीमती नीलू खटीक, तहसीलदार श्री शुभम मिश्रा और मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री अरविंद तिवारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे विसर्जन के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और सहयोग करें।