जिले में संचालित सांदीपनि विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को परिवहन की वैकल्पिक सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। वर्तमान में सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा एवं सांदीपनि विद्यालय सौंसर में विद्यार्थियों के आवागमन के लिए बस परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रचलन में है।
जिला शिक्षा अधिकारी (समग्र शिक्षा अभियान) द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा में 18 बसों तथा सांदीपनि विद्यालय सौंसर में 33 बसों, अर्थात कुल 51 बसों की आवश्यकता है। बसों में रूट चार्ट के अनुसार अलग-अलग सीटिंग क्षमता निर्धारित की जाएगी।
परिवहन व्यवस्था के लिए निविदा की कार्यवाही संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, जबलपुर संभाग में प्रचलन में है। इसी क्रम में जिले के सभी पंजीकृत बस ऑपरेटरों से बैठक में उपस्थित होकर परिवहन व्यवस्था के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं कार्यवाही में सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।
बस ऑपरेटरों की बैठक 8 अक्टूबर को
सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा में 8 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1 बजे बस ऑपरेटरों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में परिवहन व्यवस्था, निर्धारित रूट एवं बसों की आवश्यकता सहित अन्य संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी पंजीकृत बस ऑपरेटरों से बैठक में उपस्थित होने का अनुरोध किया है।


