मध्यप्रदेश शासन एवं मध्यप्रदेश गौसंवर्धन बोर्ड, भोपाल के निर्देशानुसार 9 नवंबर 2026, सोमवार को प्रदेश की समस्त गौशालाओं में गोवर्धन पूजन एवं गौमाता पूजन का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में पांढुर्णा जिले की बोरगांव, बढ़चिचोली एवं कोलीखापा स्थित गौशालाओं में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन के अंतर्गत गौमाता का विधिवत पूजन, गोवर्धन पूजा, गौसेवा से संबंधित गतिविधियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। साथ ही भोपाल में आयोजित मुख्यमंत्री के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी गौशालाओं में किया जाएगा, जिससे उपस्थित नागरिक कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत एवं स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि, गौशाला संचालक, गौपालक, समाजसेवी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
मध्यप्रदेश गौसंवर्धन बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार आयोजन का उद्देश्य गौमाता के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक महत्व से आमजन को परिचित कराना, गौपालन को प्रोत्साहित करना तथा गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर गौशालाओं में संगोष्ठियां भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें गौमाता के पालन-पोषण, दुग्ध उत्पादन तथा गौवंश की उपयोगिता के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा गौशालाओं में उपलब्ध समस्त गौवंश की शत-प्रतिशत कानों पर पहचान चिह्न लगाने तथा उनका अभिलेख व्यवस्थित रूप से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। इससे गौवंश की पहचान एवं विभागीय अभिलेखों का उचित संधारण सुनिश्चित किया जा सकेगा। आयोजन को लेकर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गोवर्धन पूजन एवं गौमाता पूजन कार्यक्रम में सहभागिता करें तथा गौवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं सेवा के प्रति अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।


