कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशानुसार तथा उपसंचालक कृषि एवं परियोजना संचालक, आत्मा, सिवनी के मार्गदर्शन में कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम (आत्मा) के अंतर्गत खेत बचाओ अभियान के तहत समूह क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित किए गए। प्रशिक्षण का आयोजन विकासखंड बरघाट की ग्राम पंचायत कोसमी, विकासखंड धनौरा के ग्राम कुड़ारी तथा विकासखंड कुरई के ग्राम जिलापुर में किया गया।प्रशिक्षण के दौरान कृषकों को खेतों की उर्वरता एवं उत्पादकता बनाए रखने, नरवाई प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य, जल संरक्षण, कम पानी चाहने वाली रबी फसलों तथा फसल विविधीकरण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। किसानों को टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।कृषकों को बताया गया कि नरवाई जलाने से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है, मृदा में पाए जाने वाले लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। इस समस्या से बचने के लिए किसानों को नरवाई नहीं जलाने तथा फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने की सलाह दी गई। इसके लिए सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, मल्चर जैसे कृषि यंत्रों एवं जैव अपघटक के उपयोग की जानकारी प्रदान की गई।प्रशिक्षण में प्राकृतिक खेती के लाभ, कम लागत में खेती करने के तरीके तथा मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। रबी मौसम में जल की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए किसानों को चना, अलसी, सरसों एवं सूरजमुखी जैसी कम पानी में उगाई जा सकने वाली फसलों की खेती अपनाने तथा फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित किया गया।उद्यानिकी विभाग द्वारा किसानों को टपक सिंचाई, फव्वारा सिंचाई एवं मिनी फव्वारा सिंचाई उपकरणों पर शासन द्वारा दिए जाने वाले अनुदान की जानकारी दी गई। साथ ही विभाग के माध्यम से उपलब्ध फल, फूल एवं सब्जियों के बीजों के संबंध में भी किसानों को अवगत कराया गया, ताकि वे उपलब्ध योजनाओं का लाभ लेकर कृषि उत्पादन एवं आय में वृद्धि कर सकें।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों को नरवाई नहीं जलाने की शपथ दिलाई गई। किसानों ने संकल्प लिया कि वे अपने खेतों में नरवाई नहीं जलाएंगे, फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करेंगे तथा अन्य किसानों को भी नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करेंगे।खेत बचाओ अभियान का मुख्य उद्देश्य खेतों की मिट्टी की उर्वरता एवं प्राकृतिक गुणवत्ता को संरक्षित करना, नरवाई जलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना, जल संरक्षण को बढ़ावा देना तथा किसानों को टिकाऊ, पर्यावरण अनुकूल एवं लाभकारी कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस प्रकार के प्रशिक्षणों से किसानों में जागरूकता बढ़ने के साथ ही प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और कृषि की दीर्घकालिक उत्पादकता बनाए रखने में सहायता मिलेगी।