कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने आदिवासी विकासखण्ड कराहल के ग्राम मयापुर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उपस्थित समुदाय को बाल विवाह के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि यह एक सामाजिक बुराई है, बालिग उम्र में ही बच्चों का विवाह करें, उन्होंने कहा कि देवउठनी ग्यारस से शादी विवाह की शुरूआत होने वाली है, इसलिए सभी लोग बाल विवाह के प्रति जागरूक रहें। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाल विवाह गैर कानूनी है तथा इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर दण्ड की कार्यवाही का प्रावधान भी है।

आंगनबाडी भवन के पास आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, एसडीएम श्योपुर श्री गगन सिंह मीना, कराहल श्री विजय शाक्य, तहसीलदार श्री दीपेश धाकड, ग्राम पंचायत मयापुर की सरपंच श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, ग्राम पंचायत सेमल्दा हवेली की सरपंच श्रीमती भागवती आदिवासी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जनसुनवाई के दौरान मांगों एवं समस्याओं से संबंधित एक-एक आवेदन पर चर्चा कर उनके निराकरण हेतु कार्यवाही की गई।

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि प्रकृति ने हमें विभिन्न प्रकार के पोषणयुक्त आहार प्रदान किये है, जिनके सेवन से उचित पोषण प्राप्त किया जा सकता है, इसलिए पोषण बढाये और तम्बाकूयुक्त उत्पादों के सेवन से दूरी बनायें। उन्होंने कहा कि पुडिया-गुटखा न केवल आर्थिक रूप से नुकसानदायक है, बल्कि कैंसर जैसी बीमारियों को भी बढाने में सहायक है, इसलिए इनके सेवन से बचे। किसानों एवं ग्रामीणों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि पराली जलाकर प्रकृति को नुकसान न पहुंचाये, यह न केवल पर्यावरणीय दृष्टि से उचित है, बल्कि पराली जलाने से तापमान बढने के कारण मिट्टी में मौजूद मित्र कीट जीवाणु जलकर नष्ट हो जाते है और भूमि की उपजाऊ क्षमता कम होती चली जाती है, इसलिए पराली का उचित प्रबंधन करें।

गांव में खेल मैदान के लिए जगह चिन्हित करने के निर्देश

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा जनसुनवाई के दौरान ग्रामीण युवाओं की खेल मैदान के संबंध में की गई सामुहिक मांग पर राजस्व विभाग एवं पंचायत विभाग को निर्देश दिये गये कि खेल मैदान के लिए जगह चिन्हित की जायें तथा पंचायत के माध्यम से खेल मैदान को विकसित करने का कार्य किया जायें।

मोरेका बस्ती में नवीन आबादी ट्रांसफार्मर स्थापना की प्रक्रिया की जायें

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा श्री घनश्याम आदिवासी तथा अन्य ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि ग्राम मयापुर की मोरेका बस्ती में आबादी की लाइट के लिए नवीन ट्रांसफार्मर की स्थापना के लिए प्रक्रिया सुनिश्चित की जायें। ग्रामीणों ने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत 30 लोगों के आवास मोरेका बस्ती में बने है, नलजल योजना के लिए ट्रांसफार्मर लगा हुआ है, लेकिन आबादी के लिए अलग से ट्रांसफार्मर नही है, वर्तमान में छात्रावास के लिए स्थापित ट्रांसफार्मर के माध्यम से बिजली की सुविधा मिल रही है, ग्रामीणों द्वारा आबादी बस्ती में लिए अलग से ट्रांसफार्मर की मांग की गई थी।

पीएम जनमन में बनाये स्कूल तक सीसी रोड

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा जनसुनवाई के दौरान श्रीमती कांति बाई आदिवासी द्वारा स्कूल तक सीसी रोड बनाये जाने की मांग संबंधी आवेदन के परीक्षण उपरांत जानकारी प्रदान की गई कि पीएम जनमन योजना में डेढ किलोमीटर सीसी रोड निर्माण का सर्वे किया गया है तथा स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने आदिम जाति कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि पीएम जनमन योजना के अंतर्गत उक्त सडक निर्माण के लिए शीघ्रता से कार्यवाही सुनिश्चित की जायें।

जनसुनवाई के दौरान श्री गुरूपेज सिंह निवासी जानपुरा द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि नदी पर घाट निर्माण कार्य के लिए सर्वे कर प्रस्ताव तैयार किया जायें तथा वीबी जीरामजी योजना के माध्यम से घाट निर्माण कार्य कराया जायें।

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा जनसुनवाई के दौरान श्री पवन आदिवासी द्वारा पशुहोद बनाये जाने संबंधी आवेदन का निराकरण करते हुए पंचायत सचिव को निर्देशित किया गया कि नलजल योजना के स्पोट सोर्स अथवा उचित स्थान पर पशुहोद का निर्माण कराया जायें। इसके साथ ही श्री रघुवीर आदिवासी निवासी मयापुर को पीएम किसान सम्मान निधि अंतर्गत लाभ प्रदान किये जाने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिये गये।

पोषण जोडो-पुडिया छोडो अभियान की जागरूकता टीम से चर्चा

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा ग्राम मयापुर में पोषण जोडो-पुडिया छोडो अभियान की स्थानीय जागरूकता टीम से चर्चा की गई तथा जागरूकता के लिए संचालित गतिविधियों का जायजा लिया गया। इस दौरान विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर गुटखा-पुडिया छोडने के लिए की गई वॉल पेंटिंग का अवलोकन किया गया। जागरूकता टीम के सदस्यों ने अवगत कराया कि नुक्कड नाटक के माध्यम से भी अभियान के तहत लोगों को तम्बाकूयुक्त उत्पादों का सेवन छोडने के लिए प्रेरित किया जायेगा।