प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जरूरतमंद पथ विक्रेताओं के लिए स्वरोजगार को पुनः स्थापित करने में मददगार साबित हो रही है। नगर पालिका परिषद सीधी के वार्ड क्रमांक 19 निवासी अशोक गुप्ता ने योजना के तहत ऋण सहायता प्राप्त कर अपने व्यवसाय को फिर से स्थापित किया है। आज बैग एवं कपड़ों का उनका व्यवसाय परिवार के भरण-पोषण का सहारा बना हुआ है।

अशोक गुप्ता मानस भवन के सामने फुटपाथ पर बैग एवं कपड़ों की दुकान लगाकर अपना परिवार चलाते थे। कोरोना काल में दुकान बंद होने के कारण उनका व्यवसाय प्रभावित हुआ और आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई। ऐसी परिस्थिति में व्यवसाय को दोबारा शुरू करना उनके लिए चुनौती बन गया था।

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत उन्हें 10 हजार रुपये एवं 20 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस आर्थिक सहायता से उन्होंने अपने व्यवसाय को पुनः स्थापित किया। धीरे-धीरे उनका काम आगे बढ़ा और अब व्यवसाय अच्छी तरह संचालित हो रहा है। इससे उन्हें आजीविका का साधन प्राप्त हुआ है और परिवार के जीवन-यापन में मदद मिल रही है।

अशोक गुप्ता ने योजना से मिली सहायता के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना उनके लिए वरदान साबित हुई है। योजना से मिली ऋण सहायता ने उन्हें कठिन परिस्थितियों से उबरने और दोबारा आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया।