छठ पूजा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अपर जिला दण्डाधिकारी बीपी पाण्डेय ने सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में छठ पूजा आयोजन स्थलों पर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं मूलभूत सुविधाओं के समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।
अपर जिला दण्डाधिकारी ने बताया कि छठ पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी घाटों, तालाबों एवं अन्य जलाशयों पर एकत्रित होकर पूजा-अर्चना एवं सूर्य उपासना करते हैं। ऐसे में महिलाओं एवं बच्चों सहित श्रद्धालुओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है।
उन्होंने पूजा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, घाटों पर बैरिकेडिंग एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जलाशयों में गहरे पानी वाले स्थानों को चिन्हित कर प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों, तैराकों एवं बचाव दल की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए आवागमन एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने, आयोजन स्थलों पर प्राथमिक उपचार, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा घाटों पर साफ-सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही असामाजिक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों पर सतत निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया है।
अपर जिला दण्डाधिकारी ने संबंधित तहसीलदार, थाना प्रभारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन स्थलों का स्वयं निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया है।


