जिले के हृदय रोग से पीड़ित बच्चों, बुजुर्गों एवं वयस्कों तथा जन्मजात शारीरिक विकृतियों से ग्रसित बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 21 नवंबर 2026 को जिला चिकित्सालय सीधी के डीईआईसी भवन में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।

कलेक्टर विकास मिश्रा के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में आयुष्मान भारत एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत मरीजों की निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

शिविर में विशेष रूप से हृदय रोग से पीड़ित बच्चों, बुजुर्गों एवं वयस्कों के साथ होंठ एवं तालु कटे होने, हाइड्रोसील, हर्निया तथा जुड़ी हुई उंगलियों जैसी जन्मजात विकृतियों से प्रभावित बच्चों की विशेषज्ञों द्वारा जांच की जाएगी। जांच के उपरांत जिन मरीजों को सर्जरी अथवा विशेष उपचार की आवश्यकता होगी, उन्हें उपचार के लिए जबलपुर एवं भोपाल भेजने की व्यवस्था की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों एवं मरीजों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि को आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित हों। जिन मरीजों को उपचार के लिए बाहर भेजे जाने की आवश्यकता हो सकती है, उनके अभिभावक 2 से 3 दिन रुकने की आवश्यक व्यवस्था के साथ आएं।

शिविर में शामिल होने के लिए डीईआईसी प्रबंधक पुष्पेंद्र शुक्ला के मोबाइल नंबर 9131017552 पर व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर पूर्व पंजीयन कराया जा सकता है। शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने कहा कि जिले का कोई भी बच्चा जन्मजात विकृति अथवा हृदय रोग के कारण समुचित उपचार से वंचित न रहे, यही इस विशेष शिविर का प्रमुख उद्देश्य है। शिविर में चिन्हांकित मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही डीईआईसी टीम द्वारा उनका नियमित फॉलोअप भी किया जाएगा।