अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन वर्ष 2026 योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संपूर्ण मध्यप्रदेश के साथ विदिशा जिले में भी 25 अक्टूबर 2026 से एक सप्ताह का विशेष गहन शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के माध्यम से स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के पंजीयन की प्रक्रिया को गति देते हुए निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

शासन के निर्देशानुसार स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के निष्पादन के लिए पटवारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पंचायत समन्वयक अधिकारी एवं सहायक विकास विस्तार अधिकारी पंजीयन अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।

विशेष शिविर के दौरान संबंधित ग्रामों के पटवारी सारा एप के माध्यम से स्वामित्व अधिकार अभिलेख धारक भू-स्वामियों की ओर से आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण करेंगे। इसके बाद आवेदन का सत्यापन कर उसे पंजीयन अधिकारी को प्रेषित किया जाएगा। स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के निष्पादन एवं संपदा पोर्टल पर पंजीयन की प्रक्रिया संबंधित तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पंचायत समन्वयक अधिकारी एवं सहायक विकास विस्तार अधिकारी द्वारा संपादित की जाएगी।

इस कार्य में पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक सहयोग प्रदान करेंगे, ताकि आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाते हुए अधिक से अधिक हितग्राहियों के स्वामित्व अधिकार अभिलेखों का पंजीयन सुनिश्चित किया जा सके।

एक सप्ताह में 60 से 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री की अपेक्षा के अनुरूप विशेष अभियान सप्ताह के अंत तक स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के निष्पादन एवं पंजीयन का लगभग 60 से 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान संचालित करने तथा शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विशेष शिविर के माध्यम से स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के पंजीयन में तेजी आएगी तथा पात्र भू-स्वामियों को उनके अधिकारों से संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।